जानापाव में जुटेंगे ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी, राष्ट्रीय ब्राह्मण संवाद में बनेगी एकजुट रणनीति।
ब्राह्मण समाज पर कथित षड्यंत्रों के खिलाफ संवाद-विचार, समाजहित और राष्ट्रहित के मुद्दों पर होगा मंथन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- महू-जानापाव-(मध्यप्रदेश):- अखिल भारतीय संयुक्त ब्राह्मण समन्वय समिति की ओर से ब्राह्मण समाज की एकजुटता, सामाजिक हित और राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय ब्राह्मण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम 30 अगस्त 2026, रविवार को भगवान परशुराम जी की जन्मस्थली जानापाव, महू (मध्य प्रदेश) में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय संयुक्त ब्राह्मण समन्वय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेन्द्र चतुर्वेदी करेंगे। संवाद कार्यक्रम में देशभर से समिति के पदाधिकारी एवं समाज के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होकर ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत विषयों पर खुलकर विचार-विमर्श करेंगे।
समिति के अनुसार,ब्राह्मण समाज के समक्ष लगातार उत्पन्न हो रही चुनौतियों एवं कथित षड्यंत्रों को लेकर समाज के प्रतिनिधियों के बीच गहन संवाद किया जाएगा। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों का मंथन करते हुए समाज की एकजुटता को मजबूत करने तथा भविष्य के लिए संगठित एवं प्रभावी रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा।
आयोजकों ने कहा कि भगवान परशुराम जी की पावन जन्मस्थली जानापाव से होने वाला यह राष्ट्रीय संवाद ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और सामाजिक भूमिका को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा।
अखिल भारतीय संयुक्त ब्राह्मण समन्वय समिति के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने सभी पदाधिकारियों से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर राष्ट्रीय संवाद को सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि समाज के सामने खड़ी चुनौतियों का सामना एकजुटता, संवाद और संगठित रणनीति के माध्यम से ही प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
