क्या ये सवर्ण समाज के वोट मांगने के हकदार हैं? — *चौहान*
यूजीसी कानून के विरोध में नेताओं की चुप्पी पर समता आंदोलन समिति ने उठाए सवाल, चुनाव में बहिष्कार की अपील!
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):- अलवर- समता आंदोलन समिति जिला अलवर के अध्यक्ष एवं एडवोकेट राम अवतार सिंह चौहान ने यूजीसी एक्ट के विरोध को लेकर भाजपा नेताओं पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जब सवर्ण समाज इस कानून के विरोध में आंदोलनरत था, उस समय स्थानीय नेताओं ने समाज के समर्थन में आवाज क्यों नहीं उठाई।
चौहान ने मंत्री संजय शर्मा और भाजपा के शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़,पुर्व जयपुर संभाग प्रभारी पंडित धर्मवीर शर्मा,कांग्रेस के भंवर जितेंद्र सिंह,योगेश मिश्रा,बनवारी लाल सिंघल सहित अनेक सामान्य जाती के नेताओं से समाचार के माध्यम से सवाल करते हुए कहा कि जब सवर्ण समाज यूजीसी एक्ट के विरोध में संघर्ष कर रहा था, तब कांग्रेस-भाजपा नेताओं की ओर से समाज के समर्थन में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया।
उन्होंने कहा कि यदि उस समय नेताओं ने सवर्ण समाज के साथ खड़े होकर कथित अन्यायपूर्ण कानून के विरोध में आवाज उठाई होती, तो समाज उनका स्वागत करता। चौहान का आरोप है कि जब सवर्ण समाज से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने की आवश्यकता होती है, तब राजनीतिक नेता चुप्पी साध लेते हैं और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा निभाते हैं।
समता आंदोलन समिति के अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे में अब सवर्ण समाज से वोट मांगने का नैतिक अधिकार इन नेताओं को नहीं है। उन्होंने सवर्ण समाज से राजनीतिक दलों के प्रति विरोध दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि समाज को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करते हुए मतदान के माध्यम से अपनी नाराजगी व्यक्त करनी चाहिए।
चौहान ने कहा कि उनकी ओर से सवर्ण समाज के लोगों से अपील की जा रही है कि भाजपा,कांग्रेस अथवा अन्य राजनीतिक दलों को समर्थन देने के बजाय चुनाव में अपनी लोकतांत्रिक प्रतिक्रिया दर्ज करें और आवश्यकता पड़ने पर नोटा (NOTA) के विकल्प का उपयोग करें।
उन्होंने अलवर जिले के नागरिकों से करबद्ध अपील करते हुए कहा कि जिन नेताओं ने समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों पर साथ नहीं दिया, उन्हें चुनाव के दौरान लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाए। चौहान ने कहा कि चुनाव और मतदान ही जनता के पास अपनी नाराजगी और विरोध दर्ज कराने का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक माध्यम है।
