०6 दिवसीय हिंडोला महोत्सव का भव्य समापन, हरियाली श्रृंगार में झूले भगवान जगन्नाथ जी महाराज,

 ०6 दिवसीय हिंडोला महोत्सव का भव्य समापन, हरियाली श्रृंगार में झूले भगवान जगन्नाथ जी महाराज,


श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर!


*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*

 

(माचाडीअलवर):- राजगढ़- अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे के चौपड़ बाजार स्थित प्राचीन जगन्नाथ जी मंदिर,गोविंद देव मंदिर एवं मुरली मनोहर मंदिर में आयोजित ०6 दिवसीय हिंडोला महोत्सव का सावन शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा,उल्लास और भक्तिभाव के साथ भव्य समापन हुआ।

महोत्सव के अंतिम दिन भगवान श्री जगन्नाथ जी महाराज का विशेष एवं आकर्षक हरियाली श्रृंगार किया गया। भगवान को मनमोहक झांकी के रूप में सजाकर भव्य हिंडोले में विराजमान किया गया। भगवान के अलौकिक और मनोहारी स्वरूप के दर्शन करने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

जगन्नाथ मंदिर के महंत एडवोकेट पंडित मदन मोहन शास्त्री एवं पंडित रोहित शर्मा ने बताया कि छह दिनों तक चले इस धार्मिक महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान का विशेष श्रृंगार कर विभिन्न स्वरूपों में झांकियां सजाई गईं। समापन दिवस पर हरियाली श्रृंगार और हिंडोले में विराजमान भगवान जगन्नाथ जी महाराज की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर “जय जगन्नाथ”, “जय जानकी मैया” और “जय जगदीश” के जयकारों से गूंज उठा। भक्ति संगीत और धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालु पूरी तरह भक्तिमय नजर आए।

हिंडोला महोत्सव के समापन अवसर पर मंदिर महंत पूर्ण दास,एडवोकेट पंडित मदन मोहन शास्त्री,दिलीप मुखर्जी, अनिल पांडे,गायत्री देवी, पंडित रोहित शर्मा,महेंद्र तिवारी एडवोकेट,विश्वास मित्तल एडवोकेट,मुकुल बढ़ाया,मयूर खंडेलवाल, अमन पवार,हरिओम गुप्ता, मीनू खुटेटा,राहुल चांदपोलिया,राधे दीक्षित,पूर्ण राही सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

छह दिवसीय हिंडोला महोत्सव के समापन के साथ ही कस्बे का धार्मिक वातावरण भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने