चैंबर नहीं तो नए कोर्ट में काम नहीं! जिला न्यायालय की शिफ्टिंग को लेकर अधिवक्ताओं में रोष, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग।

 चैंबर नहीं तो नए कोर्ट में काम नहीं!


 जिला न्यायालय की शिफ्टिंग को लेकर अधिवक्ताओं में रोष, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग।



*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर भवानी तोप के पास नवनिर्मित जिला न्यायालय भवन में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था नहीं होने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अधिवक्ताओं के हितों और आमजन की सुविधा का हवाला देते हुए पूर्व चेयरमैन एवं सामाजिक कार्यकर्ता अजय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर चैंबर निर्माण होने तक नए न्यायालय भवन में शिफ्टिंग रोकने तथा चैंबर निर्माण के लिए तत्काल भूमि आवंटित करने की मांग की है।

अग्रवाल ने पत्र में बताया कि नवीन जिला न्यायालय भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अधिवक्ताओं के बैठने के लिए आवश्यक चैंबर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में अधिवक्ताओं की ओर से शिफ्टिंग का विरोध किया जा रहा है। ०5 अगस्त 2026 को अलवर बार एसोसिएशन ने न्यायालय परिसर में कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया था। बार की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि “चैंबर नहीं तो नए कोर्ट में काम नहीं।”

बार अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने भी चैंबर की समुचित व्यवस्था होने तक नए भवन में शिफ्ट नहीं होने की बात कही है। मांग पूरी नहीं होने पर 16 अगस्त को गृहमंत्री के अलवर आगमन के दौरान विरोध की चेतावनी भी दी गई है।

*चैंबर के बिना शिफ्टिंग से बढ़ेगी परेशानी*

अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से कहा कि बिना चैंबर के अधिवक्ताओं को नए न्यायालय भवन में शिफ्ट करने से न्यायिक कार्य प्रभावित होने के साथ-साथ आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। अधिवक्ता न्यायिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, ऐसे में उनके बैठने,दस्तावेज रखने और पक्षकारों से कानूनी चर्चा करने के लिए उचित स्थान की व्यवस्था आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी न्यायालयों की शिफ्टिंग से पहले अधिवक्ताओं के लिए चैंबर सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है। इसलिए अलवर में भी पहले चैंबर,फिर शिफ्टिंग की नीति अपनाई जानी चाहिए।

*मुख्यमंत्री से दो प्रमुख मांगें*

अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जब तक सभी अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्मित नहीं हो जाते,तब तक नए न्यायालय भवन में शिफ्टिंग पर रोक लगाई जाए और न्यायिक कार्य पुराने परिसर से ही संचालित रखा जाए। साथ ही,तत्काल भूमि आवंटित कर अलवर बार एसोसिएशन के परामर्श से अधिवक्ताओं के चैंबर का निर्माण करवाया जाए।

पत्र की प्रतिलिपि नगरीय विकास विभाग के मंत्री भूपेंद्र सिंह,अलवर विधायक संजय शर्मा,मुख्य सचिव राजस्थान सरकार तथा जिला कलेक्टर अलवर को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने