खैरथल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संदीप यादव बोले— भाजपा डर में, 60 वार्डों में जीतकर बनाएंगे बोर्ड

 खैरथल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संदीप यादव बोले— भाजपा डर में, 60 वार्डों में जीतकर बनाएंगे बोर्ड


सभापति की कुर्सी पर भी कांग्रेस का दावा, नामांकन के अंतिम दिन तहसील कार्यालय में उमड़ा समर्थकों का हुजूम



*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट* 


(माचाडीअलवर):-खैरथल- नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर खैरथल की सियासत पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गई है। नामांकन के अंतिम दिन तहसील कार्यालय परिसर में प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ के बीच कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाने का दावा किया।

पूर्व विधायक संदीप यादव ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस चुनावी मैदान में भाजपा से आगे निकल चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सबसे पहले अपने वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी,जबकि भाजपा अभी तक वार्डवार प्रत्याशियों की सूची को लेकर स्पष्ट स्थिति में नहीं आ सकी है।

यादव ने कहा कि यह स्थिति भाजपा के भीतर डर और असमंजस को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने सभी वार्डों में मजबूत, सक्रिय और जनता से जुड़े प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुट चुके हैं और जनता के बीच कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल बन रहा है।

पूर्व विधायक ने बड़ा चुनावी दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा मैदान में उतारे गए 60 वार्ड पार्षद प्रत्याशियों में बड़ी संख्या में प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे और नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल बोर्ड बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चुनाव के बाद सभापति की कुर्सी भी कांग्रेस की झोली में आएगी।

उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रही है, जबकि भाजपा अभी प्रत्याशियों के चयन को लेकर ही उलझी हुई नजर आ रही है।

उधर, नामांकन के अंतिम दिन एडीएम एवं तहसील कार्यालय परिसर में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। समर्थकों की भारी भीड़ के चलते क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह चरम पर नजर आया।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही अब खैरथल और भिवाड़ी की चुनावी जंग की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है।

आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के तेज होने के साथ ही दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने