महाराजा भर्तृहरि की सहृदयता और दिव्य अमरफल का प्रसंग बना आकर्षण।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- श्री राजर्षि अभय समाज अलवर की ओर से पारसी शैली पर आधारित ऐतिहासिक एवं धार्मिक नाटक महाराजा भर्तृहरि का मंचन किया गया। नाटक में महाराजा भर्तृहरि की सहृदयता,शत्रुओं के प्रति सद्भाव,विश्वास और निश्छल प्रेम को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। दिव्य अमरफल की प्राप्ति और महारानी पिंगला के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
नाटक में दिखाया गया कि महाराजा भर्तृहरि अपने शत्रुओं और पड़ोसी राज्यों के साथ भी सद्व्यवहार करते थे। पड़ोसी राज्य मनसौर के सेनापति ने उज्जैन के मल्लों और मनसौर के मल्लों के बीच मुकाबले का प्रस्ताव रखा। महाराजा ने प्रधान सचिव विद्यासागर से विचार-विमर्श के बाद प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। मुकाबले में उज्जैन के मल्ल पराजित हो गए। इस पर युवराज विक्रमादित्य स्वयं युद्ध के लिए तैयार हुए, लेकिन महाराजा की आज्ञा से क्रूरसिंह ने मल्लयुद्ध में भाग लिया और विजय प्राप्त की।
क्रूरसिंह के युद्ध कौशल से प्रभावित होकर महारानी पिंगला उन पर मोहित हो गईं और गुप्त रूप से प्रेम स्वरूप उन्हें माला भेंट की। इसके बाद वह क्रूरसिंह को ही अपना सर्वस्व मानने लगीं।
नाटक के अगले प्रसंग में तपस्वी चंद्रशेखर शास्त्री महाराजा भर्तृहरि को तपस्या से प्राप्त दिव्य अमरफल भेंट करते हैं। वे महाराजा से प्रजा की सेवा के भाव से सदैव राज्य संचालन करने का आग्रह करते हैं। महाराजा भर्तृहरि अमरफल अपनी पत्नी पिंगला को देते हैं, लेकिन पिंगला उसे अपने प्रेमी क्रूरसिंह को सौंप देती हैं। इस घटनाक्रम के माध्यम से विश्वास,प्रेम और मानवीय भावनाओं के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया गया।
नाटक में महाराजा भर्तृहरि की उदारता,सहज हृदय नीति और निश्छल प्रेम के संदेश को दर्शकों तक पहुंचाया गया।
*कलाकारों का अभिनय रहा प्रभावशाली*
नाटक में गुरु गोरखनाथ एवं क्रूरसिंह की भूमिका अंकित शर्मा,महाराजा भर्तृहरि की भूमिका ललित मिश्रा,युवराज विक्रमादित्य की भूमिका कनिष्क मिश्रा,महारानी पिंगला की भूमिका अनुष्का जैन,विद्यासागर की भूमिका सुरेंद्र यादव,मनसौर सेनापति की भूमिका रोहित तथा चंद्रशेखर शास्त्री की भूमिका राकेश शर्मा ने निभाई। अन्य कलाकारों ने भी अपने अभिनय से नाटक को प्रभावशाली बनाया।
नाटक का निर्देशन संस्था के महानिदेशक मनोज गोयल ने किया। मिडिया को यह जानकारी श्री राजर्षि अभय समाज अलवर के प्रचार मंत्री पंडित देवराज शर्मा द्वारा दी गई।

