दीपावली सबकी, फिर गरीबों के घर का चिराग क्यों बुझा रहा प्रशासन?

 दीपावली सबकी, फिर गरीबों के घर का चिराग क्यों बुझा रहा प्रशासन?



सात दिन की कमाई के लिए तरस रहे छोटे दुकानदारों को पुराने ठिकानों से हटाने पर उठे सवाल।


*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- दीपावली रोशनी,खुशियों और खुशहाली का त्योहार है, लेकिन अलवर के उन छोटे दुकानदारों के लिए यह पर्व रोजी-रोटी का सबसे बड़ा सहारा है,जो सालभर इंतजार करने के बाद महज सात दिनों के लिए सड़क किनारे दुकान लगाकर अपने परिवार की खुशियां जुटाते हैं। इनमें बुजुर्ग,महिलाएं और ऐसे गरीब परिवार शामिल हैं, जिनकी उम्मीदें इसी छोटी-सी दुकान की कमाई पर टिकी हैं। मगर इस बार होप सर्कस, घंटाघर,नगर निगम के सामने और मुख्य बाजार में दुकान लगाने वाले इन दुकानदारों को प्रशासन ने उनके पुराने ठिकानों पर बैठने तक की अनुमति नहीं दी।

सवाल यह है कि आखिर इन गरीब दुकानदारों के प्रति प्रशासन इतना सख्त क्यों है? क्या उनकी रोजी-रोटी की चिंता करना व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं है? क्या किसी दबाव में इन लोगों को उनके परंपरागत ठिकानों से दूर किया जा रहा है?

दुकानदारों की मांग भी कोई नई नहीं है। वे वर्षों से दीपावली पर जिन स्थानों पर दुकान लगाते आए हैं, उन्हीं जगहों पर दुकान लगाने की अनुमति चाहते हैं। इसके विपरीत,प्रशासन उन्हें कंपनी बाग के फुटपाथ पर दुकान लगाने के लिए कह रहा है। दुकानदारों का कहना है कि वहां ग्राहकों की आवाजाही नहीं होने से उनकी बोहनी तक नहीं हो पा रही है। ऐसे में त्योहार पर कमाई की उम्मीद लेकर आए इन परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

कारोबार केवल दुकान से नहीं,जगह और ग्राहकों के भरोसे से चलता है।

जरा सोचिए,होप सर्कस के किसी स्थायी दुकानदार को दूसरी जगह पक्की दुकान बनाकर मुफ्त में भी दे दी जाए,तो क्या वह अपना पुराना ठिकाना आसानी से छोड़ देगा? शायद नहीं। क्योंकि कारोबार की सफलता दुकान की चारदीवारी से नहीं, बल्कि वर्षों से बनी पहचान, ग्राहकों के भरोसे और बाजार में लोगों की आवाजाही से तय होती है। यही बात सड़क किनारे अस्थायी दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों पर भी लागू होती है। फिर उनकी मजबूरी समझने में प्रशासन को परेशानी क्यों हो रही है?

शहर में यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन इसका समाधान गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है, जिसमें बाजार भी व्यवस्थित रहे और छोटे व्यापारियों का कारोबार भी चलता रहे। मुख्य बाजार में चौपहिया और दुपहिया वाहनों की आवाजाही पर नो-एंट्री लागू कर पैदल ग्राहकों के लिए बाजार को सुविधाजनक बनाया जा सकता है। इससे जाम की समस्या भी कम होगी और दुकानदारों को ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर भी मिलेगा।

प्रशासन का काम व्यवस्था बनाना है,न कि उन लोगों की मुश्किलें बढ़ाना,जिनके पास अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की ताकत नहीं है। अतिक्रमण हटाना जरूरी हो सकता है,लेकिन किसी गरीब परिवार की सालभर की उम्मीद और दीपावली की सात दिन की कमाई छीन लेना क्या उचित है?

प्रशासन को अपनी जिद छोड़कर इन दुकानदारों की समस्याओं को सुनना चाहिए और उनके पुराने ठिकानों पर दुकान लगाने के लिए व्यावहारिक समाधान निकालना चाहिए। दीपावली पर केवल बड़े शोरूम और चमचमाते बाजार ही रोशन न हों, बल्कि उन छोटे घरों में भी दीपक जलें,जिनकी खुशियां इन पटरी दुकानदारों की मेहनत और कमाई पर निर्भर हैं।

दीपावली का असली उजाला तभी होगा, जब बड़े व्यापारियों के साथ फुटपाथ पर रोजी कमाने वाले गरीब के घर में भी चूल्हा जलेगा और दीपक रोशन होगा। दुकानदरों का कहना है की कांग्रेस के राज में ऐसे दिन नहीं देखने पड़े जो भाजपा सरकर के राज में देखने पड रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने