# गोगुंदा की धरती से होगा शंखनाद! दुग्ध उत्पादक संगठन की 5वीं बैठक 26 नवंबर को महाराणा प्रताप के राजतिलक स्थान पर
## नकली दूध माफिया और एकतरफा फैसलों के खिलाफ बनेगी आर-पार की रणनीति
*उदयपुर, 25 नवंबर।* उदयपुर जिला दुग्ध उत्पादक संगठन की अहम एवं पांचवीं बैठक *दिनांक 26/11/2026, गुरुवार को गोगुंदा स्थित महाराणा प्रताप राजतिलक स्थान* पर आयोजित की जाएगी।
*क्यों खास है गोगुंदा?*
गोगुंदा वही पावन धरती है, जहां महाराणा प्रताप का राजतिलक हुआ था। जहां से स्वाभिमान और अन्याय के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत हुई थी। संगठन ने जानबूझकर यही स्थान चुना है, क्योंकि अब गौपालकों की लड़ाई भी स्वाभिमान की लड़ाई है।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक *नरेंद्र सिंह राणावत* करेंगे।
संगठन के किसान नेता *विष्णु पटेल* ने बताया कि उदयपुर में नकली दूध का साम्राज्य स्थापित हो चुका है। इससे पशुपालकों को उनके दूध का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। असली गौपालक बर्बाद हो रहा है और नकली दूध माफिया फल-फूल रहा है।
*इस बार बैठक में 3 बड़े मुद्दे -*
*1. नकली दूध के खिलाफ अंतिम प्रहार -* अब सिर्फ भाषण नहीं, सरकार के साथ मिलकर सख्त कार्रवाई की रूपरेखा बनेगी।
*2. एकतरफा 4 रुपए वृद्धि का जवाब -* विक्रेता संघ ने 1 दिसंबर से बिना गौपालकों से पूछे फैसला लिया है। गोगुंदा की बैठक में इसका मुंहतोड़ जवाब तय होगा। बिना दोनों पक्षों के कोई फैसला मान्य नहीं होगा।
*3. महापंचायत की तारीख का ऐलान -* हर उपखंड की बैठक के बाद जिला मुख्यालय पर होने वाली महापंचायत की तारीख गोगुंदा से ही घोषित की जाएगी।
विष्णु पटेल ने चेतावनी दी कि *बहुत ही जल्दी समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़ा कदम उठाएगा। अब गौपालक झुकेगा नहीं।*
संगठन ने गोगुंदा उपखंड के सभी पशुपालकों, किसानों और गौपालकों से अपील की है कि *अपनी गाय-भैंस की तरह अपनी इज्जत की लड़ाई के लिए भी एक दिन निकालकर जरूर पहुंचें।
