विश्व दयालुता दिवस पर जीवन रतन मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों ने दिया मानवता का संदेश
उदयपुर। विश्व दयालुता दिवस के अवसर पर जीवन रतन मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों ने सेवा और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए नारायण सेवा संस्थान के ‘वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी’ का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान में रह रहे मूक-बधिर विद्यार्थियों एवं मरीजों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनके बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया। विद्यार्थियों की इस पहल से संस्थान में अपनत्व और प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।
इस सेवा गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवन में मानवीय मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना का महत्व समझाना था। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि समाज के जरूरतमंद और विशेष सहयोग की आवश्यकता रखने वाले लोगों के प्रति प्रेम, सम्मान, सहयोग एवं संवेदना का भाव रखना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।
विद्यालय के अध्यक्ष मंगलाराम जी देवासी ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यों से बच्चों में दूसरों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और करुणा जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक अच्छा और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
विद्यालय के डायरेक्टर बी.आर. देवासी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सेवा भावना के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का बोध विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में भी समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझें और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
वहीं, विद्यालय की प्रिंसिपल प्रियंका शर्मा ने कहा कि दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची मानवता है। हमें बच्चों को बचपन से ही दूसरों के सुख-दुख में सहभागी बनने और निस्वार्थ भाव से सेवा करने की प्रेरणा देनी चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं के महत्व को करीब से समझा। यह पहल उनके लिए एक यादगार अनुभव रही और इसने उन्हें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का एहसास कराया।
