भारत को बांटने की हो रही कोशिश, विदेशी ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत बने महान राष्ट्र : *मोहन भागवत*

 भारत को बांटने की हो रही कोशिश, विदेशी ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत बने महान राष्ट्र : *मोहन भागवत*



समाज की सामूहिक शक्ति से ही भारत बनेगा विश्व का मार्गदर्शक, गांव-गांव में तैयार करने होंगे सेवाभावी और चरित्रवान लोग!


*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):-जोधपुर- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारत को विश्व का मार्गदर्शक और महान राष्ट्र बनाने के लिए केवल किसी एक संगठन, नेता या व्यक्ति के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं,बल्कि इसके लिए संपूर्ण समाज को संगठित होकर आगे आना होगा। जब समाज की सामूहिक शक्ति जागृत होती है, तो असंभव दिखाई देने वाले कार्य भी संभव हो जाते हैं।

वे जोधपुर के शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत स्तरीय घोष वर्ग 'मरु निनाद-2026' के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि संघ का एकमात्र लक्ष्य भारत माता की जय है और हमारा ध्येय भारत के वैभव को अमर बनाए रखना है।

डॉ. भागवत ने समाज को संगठित करने पर जोर देते हुए कहा कि देश के प्रत्येक गांव,गली और मोहल्ले में 25, 50 या 100 ऐसे सेवाभावी, चरित्रवान और निःस्वार्थ लोगों की टोली तैयार होनी चाहिए, जो समाज के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहे। ऐसे लोग अपने व्यवहार,सेवा और आचरण से समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का उत्थान किसी एक व्यक्ति या समूह के प्रयासों से नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।

उन्होंने भारत को बांटने के हो रहे प्रयासों पर चिंता जताते हुए इसकी तुलना अंग्रेजों की 'फूट डालो और राज करो' की नीति से की। उन्होंने कहा कि भारत आज सही दिशा में आगे बढ़ रहा है,लेकिन दुनिया की कुछ ताकतें ऐसी हैं,जो नहीं चाहतीं कि भारत एक महान राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हो।

सरसंघचालक ने कहा कि देश की एकता,सामाजिक समरसता और संगठित शक्ति ही भारत को परम वैभव तक पहुंचाने का आधार है। धर्म का संरक्षण और राष्ट्र का उत्थान तभी संभव है,जब समाज एकजुट होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने समाज के लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेवा,समर्पण और संगठन की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने