श्री दाऊजी महाराज मंदिर में संतों ने की अनोखी गोवर्धन पूजा, गोबर से अपने हाथों से तैयार की गोवर्धन महाराज की आकृति।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- आगरा- आगरा के खेरागढ़ तहसील क्षेत्र के गांव बीरई स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर परिसर में गोवर्धन पर्व के अवसर पर ब्रज धाम के संतों की ओर से अनूठे एवं भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था,भक्ति और गौ सेवा के संकल्प से जुड़े इस आयोजन में संतों एवं शिष्यों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान दोपहर दो बजे ब्रज धाम के संत गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने अपने हाथों से गौ माता के गोबर से गोवर्धन महाराज की सुंदर एवं आकर्षक आकृति तैयार की। इसके बाद शाम को पूजा-अर्चना का शुभ मुहूर्त निर्धारित किया गया। ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता स्वामी प्रकाश दास महाराज द्वारा निर्धारित समय पर संत गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने अपने शिष्यों के साथ गोवर्धन महाराज की विधिवत पूजा की तथा आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और गौ माता के कल्याण की कामना की।
*ब्रज क्षेत्र की दुर्लभ धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास*
इस अवसर पर संत गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने बताया कि ब्रज चौरासी कोस क्षेत्र में कुछ ही ऐसे धार्मिक स्थल हैं, जहां भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज की संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना की जाती है। बलदेव जी के श्री दाऊजी महाराज मंदिर परिसर में गोवर्धन महाराज की पूजा का आयोजन विशेष धार्मिक महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि इस परंपरा को आगे बढ़ाने और धार्मिक आस्था को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। आगरा जिले में ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने इस परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
*छह वर्षों से नंगे पांव गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने का अभियान*
गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने बताया कि वह पिछले छह वर्षों से लगातार नंगे पांव रहकर गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए देशव्यापी अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं, लेकिन आज गौ माता सड़कों पर भटकने और अनेक प्रकार की परेशानियां झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि गौ माता की रक्षा,सेवा और सम्मान के लिए सभी को आगे आना चाहिए तथा उन्हें राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के अभियान में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
*वृंदावन में संतों की बैठक में बनी थी आयोजन की रूपरेखा*
इस भव्य आयोजन से पूर्व श्रीधाम वृंदावन में महान संत जगतगुरु करपात्री महाराज के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से ब्रज क्षेत्र के संतों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में ब्रज धाम के व्यास,गौ पुत्र, गौ रक्षक,गौ सेवक एवं गोपालक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसमें गौ संरक्षण,धार्मिक परंपराओं के संवर्धन और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के अभियान को आगे बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसी संकल्प के तहत श्री दाऊजी महाराज मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया।
