स्कीम नंबर 10बी में कचरे का ढेर, स्थानीय लोग परेशान; नगर निगम से सफाई की मांग।
दीवान जी के बाग के पीछे सरकारी शौचालयों के पास जमा कचरे से फैल रही गंदगी, आवारा पशु सड़क पर बिखेर रहे कचरा।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहर के स्कीम नंबर 10बी स्थित दीवान जी के बाग के पीछे सरकारी शौचालयों के पास कचरे का ढेर लगा हुआ है। यहां दो-तीन कॉलोनियों का कचरा डाले जाने से गंदगी की समस्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार,नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी नियमित रूप से कचरा उठाने नहीं आ रही है,जिसके चलते मौके पर कचरा जमा होता जा रहा है।
कचरे के ढेर के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। वहीं, आवारा पशु कचरे को सड़क पर फैला देते हैं, जिससे रास्ते पर गंदगी फैल रही है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि स्कीम नंबर 10बी में दीवान जी के बाग के पीछे सरकारी शौचालयों के सामने लगे कचरे के ढेर को तत्काल प्रभाव से उठवाया जाए। साथ ही, क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन भेजने और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं करवाई गई, तो गंदगी की समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन को मामले पर शीघ्र संज्ञान लेकर मौके पर सफाई करवानी चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहे।

