करणी माता मेले में सुरक्षा से लेकर सफाई तक पुख्ता रहेंगी व्यवस्थाएं।

 करणी माता मेले में सुरक्षा से लेकर सफाई तक पुख्ता रहेंगी व्यवस्थाएं।


11 से 19 अक्टूबर तक बाला किला स्थित करणी माता मंदिर में लगेगा मेला, शाम 5:30 बजे बाद पैदल श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद।


*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*

 

(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर बाला किला स्थित करणी माता मंदिर में आगामी 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले करणी माता मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अम्बालाल मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों को मेले के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं के प्रवेश का समय सुबह ०6 बजे से शाम ०6 बजे तक रहेगा। शाम 5:30 बजे बाद पैदल यात्रियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जबकि इस अवधि में केवल दुपहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। चार पहिया वाहनों को वन विभाग के नाके से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, मेला व्यवस्था में लगे वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।

*प्लास्टिक और डीजे पर रहेगा प्रतिबंध*

मेला क्षेत्र में डीजे, लाउडस्पीकर तथा प्लास्टिक डिस्पोजेबल उत्पादों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। बाला किला क्षेत्र और मेला स्थल पर पॉलिथिन की थैलियां एवं प्लास्टिक डिस्पोजेबल सामग्री ले जाने और उपयोग करने पर भी रोक रहेगी। भंडारों में प्रसाद के लिए पत्तों से बनी पत्तल-दोने तथा मिट्टी के कुल्हड़ों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम आयुक्त को मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कचरा उठाव,पेयजल व्यवस्था और निर्धारित स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट लगाने के निर्देश दिए गए। भंडारा आयोजित करने वालों को पर्याप्त संख्या में कचरा पात्र रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए पाबंद किया जाएगा। कचरा वन क्षेत्र में नहीं डालने की भी सख्त हिदायत दी गई। प्रसाद की दुकानों के स्थान इस तरह निर्धारित करने के निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

*रास्ते में बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर*

सार्वजनिक निर्माण विभाग को वन नाका से मंदिर तक के रास्ते में क्षतिग्रस्त दीवार और सड़क के पास मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने तथा सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री हटाने को कहा गया।

जिला परिवहन अधिकारी को वृद्ध, असहाय और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए एक अलवर वाहिनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर विकास न्यास को मेला स्थल पर पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने के साथ मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं के अल्पकालीन विश्राम के लिए छाया एवं पानी की व्यवस्था कराने को कहा गया।

*चिकित्सा दल और अग्निशमन वाहन तैनात होंगे*

सीएमएचओ को मेले में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संख्या में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ के साथ चिकित्सा दल गठित करने के निर्देश दिए गए। मेला स्थल पर अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल और महिला पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

रामायणी हनुमान मंदिर से प्रतापबंध चौकी तक सुगम यातायात के लिए सड़क के एक तरफ ही स्टॉल लगाने की व्यवस्था करने को कहा गया। मेला स्थल पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर वायरलेस सेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विभिन्न विभागों के बीच तत्काल समन्वय हो सके।

बैठक में उप वन संरक्षक सरिस्का अंकुश जिंदल, उपखंड अधिकारी अलवर माधव भारद्वाज, पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण सुनील जाखड़, जिला परिवहन अधिकारी सविता भारद्वाज, जयपुर डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता महेश देशवाल, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महेश बैरवा, रेंज ऑफिसर बफर जोन सरिस्का शंकर सिंह, करणी माता मंदिर महंत उमेश शर्मा सहित मेला कमेटी, मंदिर ट्रस्ट एवं मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने