अलवर में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन।
मालवीय नगर से मिनी सचिवालय तक निकाली रैली, बैरिकेडिंग पर पुलिस से हुई धक्का-मुक्की; कुछ कार्यकर्ता हिरासत में।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अलवर में चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मालवीय नगर से रैली के रूप में मिनी सचिवालय के लिए रवाना हुए।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता नारे लगाते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने मिनी सचिवालय के मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
मिनी सचिवालय पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के आगे प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार कर आगे जाने की कोशिश करते रहे। इससे मौके पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन को देखते हुए मिनी सचिवालय और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए माहौल गर्म रहा।
