तमंचे के बल पर व्यापारी से 1.60 लाख रुपए की लूट
देर शाम बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, व्यापारियों में भय का माहौल, घटना को लेकर आक्रोश।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-थानागाजी- थानागाजी कस्बे में देर शाम बदमाशों ने एक व्यापारी को तमंचे के बल पर धमकाकर करीब ०1 लाख 60 हजार रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। अचानक हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद व्यापारियों में भय का वातावरण बना हुआ है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार व्यापारी देर शाम अपना कामकाज समाप्त कर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने व्यापारी के पास मौजूद करीब ०1.60 लाख रुपए की नकदी जबरन छीन ली और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध बदमाशों की तलाश की जा रही है।
*व्यापारियों में बढ़ा भय, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल*
देर शाम हुई लूट की इस वारदात के बाद थानागाजी कस्बे के व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि बदमाशों पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो इस प्रकार की घटनाओं से आमजन और व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस करेंगे। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने तथा बाजार और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
व्यापारियों ने घटना पर रोष जताते हुए पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों तक पहुंचने के लिए संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।
