वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर एक स्वर, एक लय में हुआ सामूहिक गायन

 वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर एक स्वर, एक लय में हुआ सामूहिक गायन



जिला सम्वाददाता 


 उत्तर प्रदेश बलरामपुर। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘नमामि भारतम्’ के उपलक्ष्य में प्रांतीय योजनानुसार सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया गया। स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रमना पार्क में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने एक समय, एक लय और एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन किया।


कार्यक्रम में विद्या भारती के सह-मंत्री अश्वनी कुमार मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत निर्धारित समय पर हुई। इससे पूर्व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, देशभक्ति गीत और वंदे मातरम् गायन पर नृत्य की प्रस्तुति दी।


विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश नारायण सिंह ने अतिथियों का परिचय कराते हुए कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। यह गीत सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदानों की स्मृति को जीवंत रखता है और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।


विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सतीश सिंह ने वंदे मातरम् के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने इस गीत को पहली बार साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में प्रकाशित किया था।


मुख्य अतिथि अश्वनी कुमार मिश्र ने कहा कि वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा लेने का भी अवसर है।


कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य बृजेश नारायण सिंह और प्रबंधक डॉ. सतीश सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।


अन्य विद्यालयों में भी हुआ आयोजन


वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बलरामपुर सिटी मोंटेसरी इंटर कॉलेज और मॉडर्न इंटर कॉलेज में भी सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। यहां भी एक स्वर, एक लय और एक समय पर वंदे मातरम् का गायन हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने