मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को वन विभाग अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ी

 मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को वन विभाग अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ी 



 ग्रामीणों को लाउडस्पीकर व पम्पलेट से किया जा रहा जागरूक


सम्वाददाता संतोष कुमार 


 उत्तर प्रदेश बलरामपुर। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में विभागीय टीमों द्वारा लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं, जबकि आवश्यक अनुमति की प्रत्याशा में पिंजड़ा लगाकर भी निगरानी की जा रही है।


वन विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में लाउडस्पीकर, पम्पलेट एवं ब्रोशर के माध्यम से लोगों को वन्यजीवों से बचाव के उपायों तथा “क्या करें, क्या न करें” की जानकारी दे रही हैं। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की है।


83 भेड़ों पर हमले की सूचना से मचा था हड़कंप


रामपुर रेंज अंतर्गत खदगौरा, थाना कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र में 24 अगस्त 2026 को विजयपाल एवं कन्हैयालाल पुत्रगण बनवारी लाल की 83 भेड़ों पर किसी वन्यजीव द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और विभागीय अधिकारियों, उप प्रभागीय वनाधिकारी तथा रेंज स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।


मौके पर मिले पगमार्ग की जांच के दौरान तेंदुए के बजाय लकड़बग्घे के पगमार्ग की पुष्टि हुई। घटना के बाद विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी।


24 घंटे निगरानी के लिए गठित की गई टीम


घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल 24 घंटे सतत निगरानी एवं जागरूकता के लिए विशेष टीम गठित की। टीम द्वारा घटनास्थल के साथ आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त और मॉनिटरिंग की जा रही है। ग्रामीणों को पम्पलेट एवं ब्रोशर बांटकर वन्यजीव दिखाई देने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया जा रहा है।


एहतियात के तौर पर घटनास्थल और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। साथ ही आवश्यक अनुमति की प्रत्याशा में क्षेत्र में पिंजड़ा लगाकर भी वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभागीय टीमें किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए सक्रिय हैं।


पशुहानि पर अनुग्रह राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू


प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शासनादेश के तहत अनुमन्य अनुग्रह राशि के भुगतान के लिए प्रस्ताव सक्षम स्तर को भेजा जा चुका है। सक्षम स्तर से बजट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।


वन क्षेत्र में प्रवेश न करें, अफवाहों से बचें


वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीवों को लेकर अनावश्यक भय या अफवाह न फैलाएं। लोगों से वन क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने और वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे उकसाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।


वन्यजीव दिखाई देने पर इन नंबरों पर दें सूचना


तेंदुआ अथवा अन्य वन्यजीव दिखाई देने, उसकी गतिविधि की जानकारी मिलने या वन्यजीव से संबंधित किसी घटना की स्थिति में संबंधित क्षेत्रीय वनाधिकारी को तत्काल सूचना दी जा सकती है—


- क्षेत्रीय वनाधिकारी, भांभर: 9616399300

- क्षेत्रीय वनाधिकारी, रामपुर: 7080992200

- क्षेत्रीय वनाधिकारी, तुलसीपुर: 9517170830

- क्षेत्रीय वनाधिकारी, बरहवा: 7906962094

- क्षेत्रीय वनाधिकारी, बनकटवा: 9919248813

- क्षेत्रीय वनाधिकारी, पूर्वी सोहेलवा: 8299660750

- क्षेत्रीय वनाधिकारी, पश्चिमी सोहेलवा: 9450020146


वन विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और वन्यजीव संबंधी किसी भी सूचना को तत्काल विभाग के साथ साझा करें। विभागीय टीमें जनसुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय हैं

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने