नन्हे-मुन्ने बच्चों ने निकाली तिरंगा रैली, दिया हर घर तिरंगा लगाने का संदेश।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- बनियाना-दौसा जिले के बनियाना में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में श्री दामोदर प्रसाद खंडेलवाल विद्यालय, बनियाना के विद्यार्थियों एवं सामाजिक युवाओं द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से क्षेत्र का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और गर्व के साथ मनाने का संदेश दिया। बच्चों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल होने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ सहित कुलदीप सैनी (KMG), गौरव शर्मा बनियाना तथा अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजकों ने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का आह्वान किया।
